मुंबई वार्ता /श्रीश उपाध्याय

वाकोला पुलिस थाने में दर्ज घरफोड़ी के मामले को अपराध शाखा की कक्ष 8 की टीम ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए चोरी हुआ 100 फीसदी मुद्देमाल बरामद कर लिया। पुलिस ने 20 वर्षीय महिला कैन्वी वोनवेंचर फर्नांडिस को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की।


वाकोला पुलिस थाने में 18 अगस्त 2026 को अपराध क्रमांक 939/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(अ), 331(3) और 331(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। मामले की समानांतर जांच अपराध शाखा की कक्ष 8 द्वारा की जा रही थी।जांच के दौरान पुलिस टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी जांच का सहारा लेते हुए संदिग्ध महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।


पूछताछ में उसने कथित तौर पर घरफोड़ी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद दो पंचों और महिला पुलिस निरीक्षक की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने चोरी किए गए सभी आभूषण और अन्य मुद्देमाल बरामद कर लिए।
■ करीब 5.51 लाख रुपये का मुद्देमाल बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में करीब 3 लाख रुपये कीमत की 35 ग्राम वजन की दो सोने की चूड़ियां, 2 लाख रुपये कीमत के 20 ग्राम वजन के दो सोने के नेकलेस, 40 हजार रुपये कीमत के 4 ग्राम वजन के सोने के कान के टॉप्स, 6 हजार रुपये कीमत के 60 ग्राम वजन की चांदी की दो जोड़ी पायल, 2 हजार रुपये कीमत का 20 ग्राम वजन का चांदी का कड़ा और 3,500 रुपये नकद शामिल हैं। इस तरह बरामद मुद्देमाल की कुल कीमत करीब 5 लाख 51 हजार 500 रुपये बताई गई है।आरोपी महिला की मेडिकल जांच कराने के बाद उसे बरामद मुद्देमाल सहित आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वाकोला पुलिस थाने के हवाले कर दिया गया है।
■ कार्रवाई करने वाली टीम
इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश माली, सहायक पुलिस निरीक्षक महेश कवळे, सहायक पुलिस निरीक्षक रोहन बगाडे, महिला पुलिस उपनिरीक्षक भावना साळगावकर, पुलिस उपनिरीक्षक दीपक दराडे, पुलिस उपनिरीक्षक हेमंत मिरजे, पुलिस हवलदार सोनवणे, पुलिस हवलदार बारहाते, पुलिस हवलदार अमोल पाटील, महिला पुलिस हवलदार नीलम मोरे, महिला पुलिस शिपाई शुभांगी जाधव सहित कक्ष 8 की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


