■ पूर्व विधायक मंगेश कुडाळकर ने किया अत्याधुनिक तकनीक का उद्घाटन, ‘मोबिलिटी रिस्टोरेशन प्रोग्राम’ के तहत मरीजों को मिलेगी सर्जरी से रिकवरी तक एकीकृत सुविधा
मुंबई वार्ता संवाददाता

तिलक नगर स्थित एसआरवी अस्पताल में घुटने और जोड़ों के दर्द से परेशान मरीजों के लिए अत्याधुनिक रोबोटिक तकनीक से जॉइंट रिप्लेसमेंट की सुविधा शुरू की गई है। इस सुविधा का उद्घाटन कुर्ला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक मंगेश कुडाळकर के हाथों किया गया। अस्पताल ने इस सुविधा को अपने ‘मोबिलिटी रिस्टोरेशन प्रोग्राम’ में शामिल किया है।


उद्घाटन के अवसर पर मुंबई के साथ-साथ आसपास और दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में डॉक्टर अस्पताल पहुंचे और यहां शुरू की गई रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट सुविधा का निरीक्षण किया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस कार्यक्रम के तहत मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की जांच से लेकर जरूरत पड़ने पर रोबोटिक सर्जरी, फिजियोथेरेपी, रिहैबिलिटेशन और नियमित फॉलो-अप तक की सुविधा एक ही व्यवस्था के तहत उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
पूर्व विधायक मंगेश कुडाळकर ने कहा कि रोबोटिक तकनीक के माध्यम से जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी में अधिक सटीकता हासिल की जा सकती है। इससे मरीज की जरूरत और स्थिति के अनुसार उपचार की योजना तैयार करने में मदद मिलेगी।
एसआरवी अस्पताल के निदेशक डॉ. अभय विसपुते ने कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ अनुभवी डॉक्टरों का चिकित्सकीय निर्णय भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सफल सर्जरी के बाद फिजियोथेरेपी और उचित पुनर्वास मरीज की जल्द और बेहतर रिकवरी में अहम भूमिका निभाते हैं।
अस्पताल के जोनल हेड डॉ. शमीम खान ने बताया कि ‘मोबिलिटी रिस्टोरेशन प्रोग्राम’ के जरिए मरीजों को जॉइंट रिप्लेसमेंट की प्रक्रिया से लेकर ऑपरेशन के बाद की रिकवरी तक बेहतर और एकीकृत चिकित्सा देखभाल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, रोबोटिक तकनीक के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख, फिजियोथेरेपी और रिहैबिलिटेशन को एक साथ जोड़कर मरीजों की गतिशीलता बहाल करने और उनके जीवन की गुणवत्ता बेहतर करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।


