मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

■ स्थानीय लोगों की शिकायत पर वर्ली कोलीवाड़ा में समुद्र किनारे से स्वच्छता अभियान की शुरुआत; सचिन अहीर बोले- सरकार की जिम्मेदारी है लोगों की समस्याओं का समाधान करना
मुंबई के वर्ली कोलीवाड़ा में मंगलवार को ‘स्वच्छ वर्ली, सुंदर वर्ली’ स्वच्छता अभियान की शुरुआत महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति सचिन भाऊ अहीर की मौजूदगी में की गई। अभियान की शुरुआत वर्ली के समुद्र किनारे से हुई। इसका उद्देश्य पूरे वर्ली परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना और स्थानीय लोगों को जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


सचिन अहीर ने बताया कि वर्ली के स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के सामने रखी थीं। लोगों ने शिकायत की थी कि इलाके में गंदगी के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा भी बना हुआ है।


स्थानीय लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डॉ. श्रीकांत शिंदे की पहल पर पूरे इलाके में स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। अभियान की शुरुआत समुद्र किनारे से की गई है और आने वाले दिनों में पूरे परिसर की सफाई का काम किया जाएगा।
सचिन अहीर ने कहा कि स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए श्रीकांत शिंदे से अपील की थी। उन्होंने कहा कि वर्ली महाराष्ट्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्थानीय विधायक अपनी जिम्मेदारी निभाएं या नहीं, लेकिन सरकार की जिम्मेदारी है कि वह यहां के लोगों की समस्याओं का समाधान करे। इसी जिम्मेदारी के तहत पूरे परिसर को जल्द स्वच्छ करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ली की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए एक पूरी व्यवस्था तैयार की जा रही है। यह व्यवस्था इलाके की छोटी से छोटी समस्या को दूर करने के साथ-साथ लोगों को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम करेगी।
सचिन अहीर ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक दिन चलने वाला सफाई अभियान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी मुहिम शुरू की जाएगी, जिसके तहत पूरे साल नियमित रूप से स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से जुड़े काम किए जाएंगे।
SIR पर विपक्ष के आरोपों का सचिन अहीर ने दिया जवाब
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान दो करोड़ से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के विपक्ष के आरोपों पर सचिन भाऊ अहीर ने पलटवार किया। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को राजनीतिक करार देते हुए सवाल किया कि जब SIR की प्रक्रिया चल रही थी, तब विपक्ष के बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) क्या कर रहे थे?
अहीर ने विपक्ष से कहा कि अभी भी समय है और केवल आरोप लगाने के बजाय उन लोगों के नाम दोबारा दर्ज कराने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए, जिनके नाम को लेकर राजनीति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया अभी जारी है और सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए।


