सेवन हिल्स अस्पताल में गरीब मरीजों को बेड नहीं मिलने का आरोप, कांग्रेस 7 सितंबर को करेगी ‘जन सत्याग्रह’।

Date:

■ BMC के आरक्षित 20% बेड और महात्मा ज्योतिबा फुले जन आरोग्य योजना के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग।


मुंबई वार्ता संवाददाता

अंधेरी पूर्व के मरोल स्थित सेवन हिल्स अस्पताल में गरीब और जरूरतमंद मरीजों को इलाज के लिए बेड उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से 7 सितंबर 2026 को ‘जन सत्याग्रह आंदोलन’ आयोजित किया जाएगा।


कांग्रेस का आरोप है कि सेवन हिल्स अस्पताल में मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अंतर्गत 20 प्रतिशत बेड आरक्षित हैं। इन आरक्षित बेड पर पिछले कई महीनों से आम जनता को परेशान किया जा रहा है और अस्पताल प्रशासन द्वारा गरीब मरीजों को भर्ती देने से बार-बार इनकार किया जा रहा है।
कांग्रेस के मुताबिक, BMC के आरक्षित बेड जरूरतमंद और गरीब मरीजों के लिए उपलब्ध कराए जाने चाहिए, लेकिन मरीजों और उनके परिजनों को कथित तौर पर बेड उपलब्ध नहीं होने की जानकारी देकर इलाज से वंचित किया जा रहा है।


■ जन आरोग्य योजना में भी बेड उपलब्ध नहीं होने का आरोप


कांग्रेस ने महात्मा ज्योतिबा फुले जन आरोग्य योजना (MJPJAY) के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा को लेकर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि पिछले कई महीनों से योजना के तहत इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों को अस्पताल में बेड उपलब्ध नहीं होने की बात कही जा रही है। इसके चलते आम लोगों को कई-कई दिनों तक इलाज से वंचित रहना पड़ रहा है।


कांग्रेस ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए निर्धारित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उन्हें समय पर मिलना चाहिए। अस्पताल में आरक्षित बेड और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत उपलब्ध सुविधाओं का सही तरीके से इस्तेमाल सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

■ 7 सितंबर को आंदोलन


इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सेवन हिल्स अस्पताल के बाहर जन सत्याग्रह आंदोलन करने का ऐलान किया है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से इस आंदोलन में शामिल होकर गरीब मरीजों के अधिकारों की लड़ाई में सहयोग करने की अपील की है।


आंदोलन की तारीख: 7 सितंबर 2026
समय: सुबह 10:30 बजे
स्थान: कॉस्मो बिल्डिंग के पास, मरोल-मरोशी रोड, अंधेरी पूर्व, मुंबई-400059
कांग्रेस ने कहा है कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को उनके अधिकार की स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related