मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के पास गुरुवार रात समुद्र में एक फेरी के अचानक खराब हो जाने से उसमें सवार 38 लोगों के फंसने की स्थिति पैदा हो गई। इनमें 34 यात्री और चार क्रू सदस्य शामिल थे। पुलिस और एक अन्य नाव संचालक की तत्परता से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


जानकारी के अनुसार, ‘अनवारी’ (Anwari) नाम की फेरी गेटवे ऑफ इंडिया से करीब आधे घंटे की हार्बर क्रूज यात्रा संचालित करती है। गुरुवार रात करीब 8:30 बजे, गेटवे ऑफ इंडिया लौटते समय यह फेरी तट से लगभग 1.5 नॉटिकल मील दूर समुद्र में अचानक बंद हो गई। रिपोर्टों के मुताबिक, फेरी के प्रोपेलर में रस्सी फंसने के कारण तकनीकी समस्या पैदा हुई थी।
फेरी के समुद्र में फंसने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आसपास चल रही अन्य नौकाओं से संपर्क कर मदद मांगी। इसी दौरान पास में मौजूद ‘आजाद हिंद’ (Azad Hind) नाम की दूसरी फेरी के संचालक जुनैद मुल्ला से संपर्क किया गया। उन्होंने तत्काल मदद के लिए अपनी फेरी भेजी।
‘आजाद हिंद’ मौके पर पहुंची और खराब हुई ‘अनवारी’ फेरी को सुरक्षित तरीके से खींचकर गेटवे ऑफ इंडिया जेट्टी नंबर-2 तक ले आई। करीब 9:10 से 9:30 बजे के बीच सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित किनारे पहुंचा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सभी 38 लोग सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है। समय पर मिली सूचना और पुलिस तथा स्थानीय फेरी संचालक के बीच समन्वय से समुद्र में एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।


