मुंबई वार्ता संवाददाता

नवी मुंबई के वाशी स्थित सिडको प्रदर्शनी एवं अधिवेशन केंद्र में सोमवार और मंगलवार, 14-15 सितंबर को छठा अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन में देशभर से करीब 7,000 केंद्रीय सरकारी अधिकारी, राजभाषा कर्मचारी, साहित्यकार, शिक्षाविद और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे।


केंद्रीय गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना और भारतीय भाषाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। सम्मेलन में हिंदी को जनभाषा और संपर्क भाषा के रूप में विकसित करने, भारतीय भाषाओं के बीच अनुवाद, भाषा प्रौद्योगिकी तथा प्रशासन में हिंदी के प्रभावी इस्तेमाल जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
सम्मेलन के दौरान ‘भारती’ बहुभाषी अनुवाद मोबाइल ऐप, हिंदी शब्दकोष और पुणे स्थित भाषा डेटा केंद्र का उद्घाटन भी किया जाएगा। ‘भारती’ तकनीक के माध्यम से विभिन्न भारतीय भाषाओं के बीच तेजी से अनुवाद को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा हिंदी में रोजगार के अवसर, ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रीय चेतना तथा मराठी-हिंदी संबंध जैसे विषयों पर भी सत्र आयोजित किए जाएंगे।
■ अमित शाह के दौरे को लेकर कड़ा बंदोबस्त
अमित शाह के दौरे और सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए नवी मुंबई पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सिडको केंद्र के आसपास के प्रमुख मार्गों के साथ-साथ सम्मेलन स्थल की ओर आने वाले महत्वपूर्ण रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस भी विशेष रूप से तैनात रहेगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। गणेशोत्सव की शुरुआत के साथ वाशी और आसपास के इलाकों में पहले से ही बड़ी भीड़ रहने की संभावना है, इसलिए पुलिस ने यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया है।
नवी मुंबई महानगरपालिका, पुलिस, यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग और सिडको के अधिकारियों के बीच सम्मेलन की तैयारियों को लेकर समन्वय बैठकें भी की गई हैं।
राजभाषा विभाग ने भी 14-15 सितंबर को मुंबई में हिंदी दिवस समारोह और छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के आयोजन की आधिकारिक पुष्टि की है।


