मुंबई वार्ता संवाददाता

जोगेश्वरी पूर्व के श्यामनगर तालाब के पास बनाए गए कृत्रिम विसर्जन तालाब में करंट लगने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित भीमू राठौड़ (19) के रूप में हुई है। घटना 20 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:20 बजे सामने आई।


बीएमसी के के/नॉर्थ विभाग के सहायक आयुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, श्यामनगर तालाब में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए पांच कृत्रिम विसर्जन तालाब बनाए गए थे। इनमें से चार तालाबों को आधी रात के बाद बंद कर दिया गया था।
बताया गया कि ठेकेदार द्वारा नियुक्त एक कर्मचारी बंद किए जा चुके कृत्रिम विसर्जन तालाब में प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रवेश कर गया। इसी दौरान उसे बिजली का जोरदार झटका लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। मेघवाड़ी पुलिस थाने के पुलिस उपनिरीक्षक श्री खाड़े से मिली जानकारी के अनुसार, रोहित भीमू राठौड़ को ट्रॉमा केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद संबंधित विभाग और पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। बंद किए गए कृत्रिम विसर्जन तालाब में कर्मचारी के प्रवेश करने और वहां बिजली का करंट कैसे आया, इसकी जांच की जा रही है।


