मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने तीन उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद पार्टी ने शुक्रवार को उम्मीदवारों के नाम जारी किए।


कांग्रेस ने नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिजीत गोविंदराव वंजारी, पुणे संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जयंत दिनकर आसगावकर और अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रोफेसर अदिति ऋषिकेश पोहरे को उम्मीदवार बनाया है। इनमें अभिजीत वंजारी और जयंत आसगावकर विधान परिषद के मौजूदा सदस्य हैं और पार्टी ने उन्हें दोबारा चुनाव मैदान में उतारा है।
पांच सीटों पर होना है चुनाव
महाराष्ट्र विधान परिषद की कुल पांच सीटों के लिए चुनाव होने हैं। इनमें औरंगाबाद, पुणे और नागपुर की तीन स्नातक निर्वाचन क्षेत्र तथा अमरावती और पुणे की दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त होने वाला है।
कांग्रेस ने अभी तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। पुणे स्नातक और औरंगाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की गई है। वहीं, महाविकास आघाड़ी के घटक दलों के बीच सीटों को लेकर भी चर्चा जारी है।
■ 23 अक्टूबर को मतदान
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी हो चुकी है। उम्मीदवारों के नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर है।
इन पांचों निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी।
इस घोषणा के साथ महाराष्ट्र विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों का चुनावी मुकाबला अब धीरे-धीरे स्पष्ट होने लगा है। आने वाले दिनों में अन्य दलों के उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।


