धोखाधड़ी के आरोप में मनसे नेता गणेश चुक्कल गिरफ्तार

Date:

मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के विभाग प्रमुख गणेश चुक्कल को पवई स्थित एक फ्लैट के लीज दस्तावेज में कथित फर्जीवाड़े के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके सहयोगी समीर सावंत को भी गिरफ्तार किया है। यह मामला बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की बहन अलका भाटिया हिरानंदानी से जुड़ी कंपनी के फ्लैट से संबंधित है।


पुलिस के अनुसार, मामला पवई के एडोनिया भवन स्थित फ्लैट का है। यह संपत्ति मेलरोनिया हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ी है, जिसकी निदेशक मंडली में अलका भाटिया हिरानंदानी, कमल निरंजन हिरानंदानी और श्रीधर नारायण शामिल हैं। वर्ष 2018 में गणेश चुक्कल की कंपनी ब्राइस इंफ्रास्ट्रक्चर ने यह फ्लैट दो पार्किंग स्थानों के साथ 36 महीने के लिए लीज पर लिया था। इसके लिए 15.30 लाख रुपये की सुरक्षा राशि और 2.55 लाख रुपये मासिक किराया तय किया गया था।


पुलिस का आरोप है कि अक्टूबर 2019 से किराये का भुगतान बंद हो गया। कंपनी ने बाद में लीज समाप्त कर फ्लैट खाली करने को कहा, लेकिन चुक्कल ने कथित तौर पर फ्लैट खाली नहीं किया। इसके बाद उन्होंने एक दस्तावेज पेश कर दावा किया कि फ्लैट 30 वर्ष के लिए लीज पर दिया गया था।


जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर लीज दस्तावेज में कई विसंगतियां मिलीं। मूल समझौते में लीज की अवधि तीन वर्ष थी, लेकिन दस्तावेज में ‘थ्री’ शब्द को बदलकर ‘थर्टी’ यानी 30 वर्ष किए जाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, दस्तावेज पर मेलरोनिया हॉस्पिटैलिटी के तीन निदेशकों के हस्ताक्षर भी कथित तौर पर फर्जी पाए गए। दस्तावेज पर नोटरी क्रमांक नहीं होने और नोटरी की मुहर स्पष्ट नहीं होने की बात भी जांच में सामने आई।


पुलिस ने चुक्कल और सावंत को अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को आगे की जांच के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मामले में धोखाधड़ी और जालसाजी सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। जांच एजेंसियां कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उसे अदालत में पेश किए जाने की परिस्थितियों की जांच कर रही हैं।


गौरतलब है कि गणेश चुक्कल हाल में पवई में आयोजित बड़े दही-हांडी समारोह को लेकर भी चर्चा में रहे थे। इस कार्यक्रम में क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव और अभिनेता रितेश देशमुख तथा जेनेलिया डिसूजा सहित कई हस्तियां शामिल हुई थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related