मुंबई वार्ता संवाददाता

घाटकोपर पूर्व के अमर महल स्थित छेड़ा नगर सिग्नल पर बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 की सुबह एक बस और टैंकर के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बस की दाईं ओर के तीन शीशे टूट गए और चार यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से दो महिला यात्रियों को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य दो घायलों में से एक ने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया और दूसरे को उसके परिजन दूसरे अस्पताल ले गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 6:55 बजे हुई। बस मार्ग संख्या ए-373/32 पर चल रही थी। बस का नंबर 7363 (एमएच-03-सीवी-7035) था और यह मुलुंड डिपो की एसएमटीएटीपीएल बस थी। बस वैशाली नगर से माहुल की ओर जा रही थी।
बताया गया है कि छेड़ा नगर सिग्नल के पास अचानक एक मोटरसाइकिल बस के सामने आ गई। मोटरसाइकिल से टक्कर टालने के लिए बस चालक ने तत्काल ब्रेक लगाकर बस रोक दी। इसी दौरान मुंबई से वाशी की ओर जा रहे एक टैंकर ने बस के दाईं ओर के मध्य हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की दाईं ओर की तीन खिड़कियों के शीशे टूट गए और यात्रियों को चोटें आईं।
घटना के बाद बस के कंडक्टर ने दो महिला यात्रियों को राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के संबंधित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से मिली जानकारी के अनुसार, घायलों की पहचान भाग्यश्री खेडकर (14 वर्ष) और अदिति कोयंडे (22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक, एक अन्य यात्री को मामूली चोट लगने के बावजूद उसने अस्पताल में उपचार कराने से इनकार कर दिया, जबकि एक अन्य घायल यात्री को उसके परिजन दूसरे अस्पताल ले गए।
राजावाड़ी अस्पताल की ओर से इस दुर्घटना की सूचना बुधवार सुबह 8:40 बजे दी गई। हादसे के कारणों और अन्य घायलों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।


