मुंबई वार्ता संवाददाता

भारतीय जनता पार्टी द्वारा लाया गया परिसीमन विधेयक राष्ट्रविरोधी और लोकतंत्र का मजाक उड़ाने वाला है। यदि यह विधेयक पारित हुआ तो देश में क्षेत्रीय असंतुलन पैदा होगा और अराजकता फैल सकती है। लेकिन भाजपा यही चाहती है। अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए देशहित और लोकतांत्रिक मूल्यों को ताक पर रखकर इस विधेयक को पारित कराने की साजिश रची जा रही है। कांग्रेस का परिसीमन विधेयक को शुरू से ही विरोध रहा है और INDIA गठबंधन के घटक दल भी इसका विरोध कर रहे हैं,महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल यह स्पष्ट किया ने।


तिलक भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने आगे कहा कि परिसीमन विधेयक पारित कराने के बाद जाति और धर्म के आधार पर निर्वाचन क्षेत्र बनाए जाएं, जातीय और भाषाई दंगे भड़काए जाएं और चुनाव जीते जाएं, भाजपा की यही कुटिल मंशा है। यह विधेयक देश और महाराष्ट्र के हितों के खिलाफ है। भाजपा महाराष्ट्र को हिंदी पट्टी के राज्यों जैसा बनाने का प्रयास कर रही है। राज्य में लोकसभा की वर्तमान 48 सीटें विधेयक पारित होने के बाद बढ़कर 72 हो सकती हैं, लेकिन हिंदी पट्टी के राज्यों में सीटों की संख्या इससे भी अधिक होगी। भले ही सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि हो, लेकिन राज्यों के बीच अनुपात का अंतर बना रहेगा। इससे हिंदी पट्टी के राज्यों का वर्चस्व बढ़ेगा और अन्य राज्यों का प्रतिनिधित्व कमजोर होगा।


उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए वर्तमान सीटों में से ही 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाना चाहिए और महिला आरक्षण विधेयक को 2029 से पहले लागू किया जाना चाहिए। कांग्रेस की जो भूमिका है, वही INDIA गठबंधन की भी भूमिका है। पिछली बार जब परिसीमन विधेयक लाया गया था, तब INDIA गठबंधन के सभी घटक दलों ने इसका विरोध किया था और इस बार भी वे इसका विरोध करेंगे, ऐसी अपेक्षा है।
सपकाल ने आगे कहा कि परिसीमन विधेयक के समर्थन में देशभर में माहौल बनाया जा रहा है और एक विशेष नैरेटिव फैलाया जा रहा है। इस विधेयक को पारित कराने के लिए भाजपा किसी भी हद तक जा रही है। दबाव की राजनीति की जा रही है, राजनीतिक दलों को तोड़ा जा रहा है और करोड़ों रुपये के प्रलोभन दिए जा रहे हैं। देशभर में ‘पैसा फेंको, तमाशा देखो’ का खेल चल रहा है। लेकिन केवल विधायकों और सांसदों की संख्या बढ़ाने से क्या हासिल होगा? 140 करोड़ देशवासियों के मालिक स्वयं 140 करोड़ नागरिक हैं। इस विधेयक से आम जनता को क्या मिलने वाला है? केवल पांच हजार विधायक और सांसद पूरे देश का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकते। इसके बजाय सत्ता का विकेंद्रीकरण होना चाहिए। स्थानीय स्वराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों के अधिकार बढ़ाए जाने चाहिए और इन संस्थाओं को मजबूत किया जाना चाहिए।
शरद पवार की पार्टी NCP (SP) के बारे में पूछे गए सवाल पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि INDIA गठबंधन के सहयोगी दल NCP (SP) द्वारा इस विधेयक का समर्थन किए जाने की खबरें सामने आ रही हैं। शरद पवार का अब तक का राजनीतिक सफर छत्रपति शिवाजी महाराज, राजर्षि शाहू महाराज, महात्मा ज्योतिबा फुले और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों से प्रेरित रहा है। वे भाजपा की कुटिल चाल में नहीं फंसेंगे। हमें उम्मीद है कि शरद पवार और उनकी पार्टी परिसीमन विधेयक का समर्थन नहीं करेंगे, बल्कि इसके विरोध में मतदान करेंगे, ऐसा हर्षवर्धन सपकाल ने कहा।


