मुंबई वार्ता संवाददाता

सिडको (CIDCO) की ओर से दिसंबर 2025 में घोषित आवास योजना की ऑनलाइन कंप्यूटराइज्ड लॉटरी सोमवार (20 जुलाई) को निकाली जाएगी। इस लॉटरी के जरिए हजारों परिवारों का नवी मुंबई में अपने घर का सपना साकार होने जा रहा है।


सिडको ने बताया कि यह प्रक्रिया बॉम्बे हाई कोर्ट के 25 मार्च 2026 के अंतरिम आदेश का पूरी तरह पालन करते हुए आयोजित की जा रही है। फिलहाल पहले चरण में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए लॉटरी निकाली जा रही है।
इस श्रेणी के 8,795 फ्लैटों के लिए 10,832 पात्र आवेदकों के बीच कंप्यूटराइज्ड ड्रॉ होगा। पूरी प्रक्रिया तकनीक आधारित होने के कारण सभी पात्र आवेदकों को समान अवसर मिलेगा और लॉटरी की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित की जाएगी।
सिडको ने स्पष्ट किया है कि ड्रॉ में नाम आने के बाद भी आवेदकों का आवंटन अंतिम नहीं माना जाएगा। सफल आवेदकों की पात्रता दस्तावेजों की जांच, पात्रता सत्यापन और योजना की सभी शर्तों को पूरा करने के बाद ही तय होगी।
लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल आवेदकों की सूची सिडको की आधिकारिक हाउसिंग वेबसाइट पर जारी की जाएगी। वहीं, अल्प आय वर्ग (LIG) के मकानों से संबंधित मामला अभी न्यायालय में लंबित है और उस पर आगे का निर्णय अदालत की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लिया जाएगा।
सिडको प्रशासन ने सभी आवेदकों से अपील की है कि लॉटरी परिणाम और आगे की आवंटन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी के लिए www.cidcohomes.com पर नियमित रूप से विजिट करें। फिलहाल EWS श्रेणी के हजारों परिवारों के लिए यह लॉटरी खुशियों की नई शुरुआत साबित होने वाली है।


