मुंबई (सं. भा.) गंदे तथा साफ पानी मे पनपने वाले मलेरिया और डेंगी के मच्छरों के काटने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। मुंबई में अगस्त महीने में मानसून जनित बीमारियों के मरीजों की संख्या में मामूली इजाफा देखने को मिला है। मलेरिया, डेंगी, चिकनगुनिया, हेपेटाइटिस और एच. एन. के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। वहीं, गैस्ट्रो और लेप्टो बीमारी के मरीजों की संख्या में गिरावट दिखी है।
बीएमसी के स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, अगस्त 2023 में मलेरिया के 1080 मरीज मिले थे, वहीं अगस्त 2024 में मलेरिया के 1,171 मरीज पाए गए हैं। ऐसे ही पिछले साल अगस्त में डेंगी के 999 मरीज थे, जो इस बार बढ़कर 1,013 हो गए हैं। इसी तरह चिकनगुनिया के 35 मरीज थे, जो इस बार बढ़कर 164 हो गए है, ऐसे ही हेपेटाइटिस के 103 मरीज थे, जो इस महीने बढ़कर 169 हो गए हैं। इसके विपरीत लेप्टो के अगस्त 2023 में 301 मरीज थे।
इस महीने इन मरीजों की संख्या घटकर 272 हो गई है। गैस्ट्रो के 978 के मरीज थे, मगर इस बार इसके 694 मरीज पाए गए हैं। बीमारियों की इस स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आस-पास के परिसर में बारिश का पानी नहीं जमा होने दें। मच्छरों को पनपने न दें और उसके काटने से खुद को बचाएं।


