श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (KDMC) के शास्त्री नगर अस्पताल में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ पर हुए हमले की शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी।


डॉ. श्रीकांत शिंदे ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि एक डॉक्टर होने के नाते वह अच्छी तरह जानते हैं कि मरीजों की सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि मानवता की सेवा है। डॉक्टर, नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मी अत्यंत कठिन और तनावपूर्ण परिस्थितियों में दिन-रात लोगों की सेवा करते हैं।


उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और कानून को अपने हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सांसद शिंदे ने स्पष्ट किया कि इस घटना को लेकर शिवसेना का रुख भी पूरी तरह साफ है। हमले में शामिल किसी भी व्यक्ति का पार्टी समर्थन नहीं करेगी। यदि किसी पार्टी कार्यकर्ता की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ संगठनात्मक स्तर पर भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि और डॉक्टर होने के नाते वह KDMC अस्पताल के सभी डॉक्टरों, नर्सों और मेडिकल स्टाफ के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने समाज से अपील की कि स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा, सम्मान और निर्भय होकर सेवा देने के अधिकार का सभी को सम्मान करना चाहिए।


