- बीते साल 10 हजार से अधिक लोगों ने गंवाई जान
मुंबई (सं. भा.) मुंबई में दिल के दौरे (हार्ट अटैक) से होने वाली मौतों में चिंताजनक वृद्धि देखी गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में 10,000 से अधिक लोगों की मौत का कारण हार्ट अटैक था, जिसका मतलब है कि हर 55 मिनट में एक व्यक्ति की जान जा रही है। मुंबई में कैंसर के बाद हार्ट अटैक सबसे घातक साबित हो रहा है, जिससे रोजाना औसतन 27 लोगों की जान जा रही है।
मुंबई महानगरपालिका (मनपा) के 28 अस्पतालों में रक्तचाप और मधुमेह जांच केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें पिछले दो सालों में 4 लाख से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है। इस दौरान, उच्च रक्तचाप और मधुमेह के रोगियों की संख्या में भी काफी इजाफा देखा गया है।

वहीं, एक ऑनलाइन सर्वे के अनुसार, लोगों की स्वास्थ्य जांच की अनदेखी भी सामने आई है। 547 लोगों पर किए गए सर्वे में 67% लोगों ने कभी अपना ब्लड प्रेशर चेक नहीं कराया, जबकि 62% ने कभी अपने कोलेस्ट्रॉल स्तर की जांच नहीं कराई।


