मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई पुलिस ने टेलीविजन अभिनेता रोहित चंदेल को 16 वर्षीय किशोरी का कथित रूप से पीछा करने (स्टॉकिंग), बार-बार फोन कर परेशान करने और मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अभिनेता के खिलाफ POCSO अधिनियम सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।


पुलिस के अनुसार, 29 वर्षीय रोहित चंदेल को शुक्रवार को दहिसर स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे विशेष POCSO अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने आगे की जांच के लिए उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया।


शिकायत के मुताबिक, अभिनेता ने अपने निजी मोबाइल नंबर के अलावा कई अन्य मोबाइल नंबरों से भी 16 वर्षीय किशोरी को लगातार फोन किए और कथित रूप से उसका पीछा कर उसे परेशान किया। आरोप है कि उसने किशोरी के साथ मारपीट भी की।
इस मामले में पुलिस ने POCSO अधिनियम के अलावा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 (स्टॉकिंग) और धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


