मुंबई (सं. भा.) चलती लोकल ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे एक पैसेंजर की जान उस वक्त सांसत में पड़ गई, जब वह फिसल कर ट्रैन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। उस दौरान ड्यूटी खत्म कर घर जाने के लिए गोरेगांव पुलिस स्टेशन में तैनात कांस्टेबल बालसो धागे प्लेटफार्म पर मौजूद थे। उन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए और चपलता दिखाते हुए यात्री को पकड़ कर बाहर खींच लिया जिससे उसकी जान बच गई।

दरअसल, यह पूरा वाकया 31 अगस्त की शाम का है। अपनी ड्यूटी पूरी करके कांस्टेबल बालसो धागे घर जाने के लिए गोरेगांव रेलवे स्टेशन पहुंचे और लोकल ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक यात्री ने चलती लोकल ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की और उसका संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने के चलते वह प्लेटफॉर्म और लोकल ट्रेन के गैप में गिर गया। इसको देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद कांस्टेबल बालसो धागे तुरंत आगे बढ़े और यात्री को बाहर खींचा और एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। मुंबई पुलिस ने पूरी घटना का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है।


