श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

चेंबूर इलाके में एक मजार तीसरे मंजिले पर होने की जानकारी देते हुए भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने आश्चर्य व्यक्त किया है और इसे दुनिया का आठवां अजूबा करार दिया है. आज विधानसभा में लक्ष्यवेधी सूचना के अंतर्गत सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के मामले में संजय उपाध्याय सवाल पूछ रहे थे।
संजय उपाध्याय ने बताया कि चेंबूर में नूर-ए-इलाही मस्जिद है जो कि वर्ष 2000 में मात्र 129 स्क्वायर फुट पर बनी थी आज आसपास की सरकारी जमीन पर कब्जा कर 32 हज़ार स्क्वायर फुट की हो गई है. 14 अनाधिकृत दुकाने और एक हाल बना कर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर लिया गया है। छह महीने पहले इस मामले में म्हाडा अधिकारियों के साथ बैठक की गई थी लेकिन आज तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने सभागृह में यह भी बताया कि धार्मिक स्थल बनाने के नाम पर सरकारी जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है। अंबुजवाडी में इसी प्रकार के अवैध कब्जे को माननीय मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने हटाया था, लेकिन उनके खिलाफ अदालत में मामला दर्ज कर उन्हें रोकने की कोशिश की गई।
संजय उपाध्याय ने यह भी बताया कि मुंबई एवं आसपास के क्षेत्रों में 10 लाख स्क्वायर फुट सरकारी जमीन पर इसी प्रकार से अवैध कब्जा किया गया है।संजय उपाध्याय ने विधानसभा में सवाल किया कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के ख़िलाफ़ नोटिस देने के बावजूद प्रशासन कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है? कार्रवाई न करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाएगी या नहीं ?


