मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई की जीवनरेखा माने जाने वाले बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) उपक्रम को चाहिए कि वह यात्रियों के लिए आधुनिक बसें और बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ अपने खुद के आय स्रोत भी विकसित करे। यह बात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज सह्याद्री अतिथिगृह में आयोजित समीक्षा बैठक में कही।


बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मुंबई उपनगर के पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढा, सह-पालक मंत्री ॲड. आशीष शेलार, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव ओ. पी. गुप्ता, मुंबई महानगरपालिका आयुक्त व प्रशासक भूषण गगराणी, नियोजन विभाग के अपर मुख्य सचिव राजगोपाल देवरा, परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय सेठी, ऊर्जा विभाग की अपर मुख्य सचिव आभा शुक्ला, बेस्ट महाव्यवस्थापक एस. वी. आर. श्रीनिवास सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
● सुनियोजित योजना और आधुनिक प्रणाली पर जोर
मुख्यमंत्री फडणवीस ने निर्देश दिए कि यात्रियों को बसों के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए योजना बनाई जाए। उन्होंने बसों की संख्या बढ़ाने और एक ऐसी प्रणाली लागू करने को कहा जिससे यात्रियों को यह जानकारी मिल सके कि बस अभी कहां है और कितने समय में आएगी।


उन्होंने बांद्रा, दिंडोशी और देवनार बस डिपो के पुनर्विकास के दौरान भूखंडों को किराए पर देने और वहां व्यावसायिक गाले, आवासीय परिसर और बस अड्डे के संयोजन की नीति बनाने का सुझाव दिया जिससे बेस्ट की आय में वृद्धि हो सके।
मुंबई की संकरी सड़कों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने छोटे और अत्याधुनिक बसों की खरीद की सिफारिश की और इसके लिए केंद्र सरकार की “नेशनल क्लीन एयर पॉलिसी (NCAP)” के फंड का उपयोग करने की बात कही।
● एकीकृत सार्वजनिक परिवहन प्रणाली
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंबई में लोकल ट्रेन, मेट्रो, मोनोरेल और बस सेवा को एकीकृत करने के लिए एक “सिंगल मोबिलिटी प्लेटफॉर्म” विकसित किया जा रहा है। इससे नागरिक एक ही टिकट से अलग-अलग सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे और इसका लाभ बेस्ट को भी मिलेगा।
● बस डिपो में मराठी सिनेमा थिएटर
सह-पालक मंत्री आशीष शेलार ने सुझाव दिया कि बस डिपो के पुनर्विकास के दौरान मनोरंजन केंद्र भी बनाए जाएं। इस पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मराठी सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए पांच डिपो पर मराठी सिनेमा थिएटर बनाए जा सकते हैं, जिससे आय के स्रोत भी बढ़ेंगे।
● मनपा बजट से निधि का प्रावधान
बेस्ट पर वित्तीय बोझ कम करने के लिए मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि मुंबई महानगरपालिका अपने वार्षिक बजट में परिवहन के लिए तीन प्रतिशत राशि आरक्षित रखे, जिससे बेस्ट को मदद मिलेगी।
● बेस्ट अधिकारियों की मांगें
बेस्ट के महाव्यवस्थापक श्रीनिवास ने टोल माफी, कर्मचारियों के बकाया ₹1,658 करोड़ की राशि और सरकारी करों में छूट की मांग रखी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इस पर प्रस्ताव प्रस्तुत करें, सरकार सकारात्मक विचार करेगी।
● छोटे बसों का प्रस्ताव –
उपमुख्यमंत्री शिंदेउपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मेट्रो स्टेशन और बेस्ट बस मार्ग का समन्वय कर योजना बनाई जाए। उन्होंने छोटे, आधुनिक बसों की योजना तैयार करने का निर्देश दिया और कहा कि नागरिकों को उनके करों के अनुसार सुविधाएं मिलनी चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि बेस्ट की जो जमीनें मुंबई में हैं, उनका उपयोग आय बढ़ाने के लिए किया जाए।
● बेस्ट एसी इलेक्ट्रिक बसों का उद्घाटन
बेस्ट के बेड़े में 503 वातानुकूलित और पूरी तरह इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विक्रोली से मुंबई सेंट्रल चलने वाली एक बस को हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन किया। मुंबई के लिए कुल 2,100 एसी बसों की खरीदी की जा रही है, जिनमें से 503 बसें प्राप्त हो चुकी हैं और 2,400 बसों का और ऑर्डर दिया गया है।
● गूगल के साथ जीपीएस करार
यात्रियों को यह जानकारी देने के लिए कि बस कहां है और कितने समय में आएगी, बेस्ट जीपीएस प्रणाली लागू करेगी। इसके लिए गूगल के साथ करार किया जाएगा।
● बेस्ट की वर्तमान स्थिति
कुल बसें: 2,783जिनमें से इलेक्ट्रिक बसें: 875जनसंख्या के अनुसार आवश्यक बसें: 7,000+ऑटो, मेट्रो, टैक्सी की तुलना में कम किरायाकिराया बढ़ाने की मांग प्रस्तुत2027 तक सभी बसें इलेक्ट्रिक बनाने का लक्ष्य।