■ कांग्रेस प्रवक्ता राकेश शेट्टी सौंपेंगे मांग पत्र.
मुंबई वार्ता संवाददाता

कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता राकेश शंकर शेट्टी मंगलवार दोपहर 2 बजे बीएमसी मुख्यालय में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे को मांग पत्र सौंपेंगे। इस मांग पत्र में मुलुंड स्थित श्रीमती एम.टी. अग्रवाल अस्पताल में आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर को तत्काल शुरू करने की मांग की जाएगी।


मांग पत्र में बताया गया है कि 310 बेड वाले श्रीमती एम.टी. अग्रवाल अस्पताल में इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) और 7 ऑपरेशन थिएटर का ढांचा तैयार होने के बावजूद वे पूरी तरह से शुरू नहीं किए गए हैं। ऐसे में अस्पताल सीमित सुविधाओं के साथ काम कर रहा है, जिससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


राकेश शेट्टी ने मांग की है कि इन सभी सुविधाओं को अगले 15 दिनों के भीतर शुरू किया जाए। साथ ही बीएमसी द्वारा स्थायी डॉक्टरों की नियुक्ति की जाए और आवश्यक पीपीई तथा अन्य मानकों का पालन करते हुए बिना किसी निजी एजेंसी को शामिल किए सेवाएं शुरू की जाएं।
उनका कहना है कि निजीकरण से गरीब मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित होना पड़ सकता है।उन्होंने बताया कि वर्तमान में मुलुंड के मरीजों को राजावाड़ी जैसे दूर स्थित अस्पतालों में जाना पड़ता है, जिससे इलाज में देरी, खर्च में बढ़ोतरी और जान का खतरा भी बढ़ जाता है, खासकर दुर्घटना और हृदय रोग के मामलों में।शेट्टी ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांग पूरी नहीं की गई, तो वे अस्पताल के सामने उपोषण (अनशन) शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह पहल मुलुंड और आसपास के क्षेत्रों के मध्यम वर्ग और कामकाजी वर्ग के लोगों को सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है। इससे अन्य बीएमसी अस्पतालों पर भी दबाव कम होगा और नगर पालिका सेवाओं पर जनता का भरोसा मजबूत होगा।


