मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र में डीजल की किल्लत से निपटने के लिए जहां एक ओर प्रशासन विभिन्न उपाय कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ईंधन की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी और चोरी का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ऑइल माफिया पर कार्रवाई करने की बजाय छोटे डीजल चोरों को नामजद कर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश कर रही है।


ठाणे के कळवा पुलिस थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 25,000 लीटर चोरी के डीजल से भरा एक टैंकर जब्त किया है। यह टैंकर मुंबई के पास विरार खाड़ी किनारे समुद्र में खड़े एक बड़े जहाज से डीजल चुराकर नासिक की ओर ले जाया जा रहा था। जब पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान इस टैंकर को रोका, तो टैंकर चालक के पास डीजल से संबंधित कोई भी वैध कागजात या दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने तुरंत टैंकर को हिरासत में ले लिया।


■ ऑयल माफिया ‘राजू पंडित’ का नाम आया सामने
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में टैंकर चालक ने इस पूरे खेल के पीछे कुख्यात ऑयल माफिया राजू पंडित, रोशन शिरोडकर और नितिन कोली के शामिल होने की बात कबूल की है। इसके अलावा अन्वर मदान, आकाश घुगे, आकाश चौहान की भी डीजल चोरी में अहम भूमिका है लेकिन अभी तक इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
पुलिस के अनुसार, राजू पंडित एक शातिर और पुराना ऑयल माफिया है, जो पहले भी डीजल तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद उसने दोबारा कुछ लोगों के साथ साठगांठ कर समुद्र में जहाजों से डीजल चोरी करने का यह अवैध धंधा शुरू कर दिया। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।


