मुंबई वार्ता संवाददाता

कॉमेडियन कुणाल कामरा ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ निम्न स्तर की कॉमेडी करके उन्हें टारगेट करने की कोशिश की है। इस प्रकार किसी का अपमान करना गलत है। जिनके प्रति राज्य की जनता को सम्मान है, उनका अनादर करने का अधिकार किसी को नहीं है। हिंदुहृदयसम्राट स्वर्गीय बाळासाहेब ठाकरे के विचारों का असली उत्तराधिकारी कौन है, यह महाराष्ट्र की जनता पहले ही तय कर चुकी है। स्वतंत्रता के दुरुपयोग का अधिकार किसी को नहीं है। अपमान करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ऐसा स्पष्ट संदेश मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में दिया।
“अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान किया जाएगा, लेकिन इस स्वतंत्रता का दुरुपयोग या दूसरों की स्वतंत्रता का अतिक्रमण नहीं किया जा सकता। राजनीतिक व्यंग्य करें, हास्य प्रस्तुत करें, लेकिन यदि कोई सिर्फ प्रसिद्धि के लिए अपमान करता है, तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी,” ऐसा मुख्यमंत्री फडणवीस ने सदन में स्पष्ट किया।