मुंबई वार्ता संवाददाता

अंधेरी स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल में आखिरकार इन-पेशेंट डिपार्टमेंट (आईपीडी) यानी भर्ती मरीजों के लिए उपचार सेवाएं शुरू हो गई हैं। अस्पताल में आईपीडी सेवाएं शुरू होने से अंधेरी और आसपास के क्षेत्रों के बीमित मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। इस बात की जानकारी कांग्रेस महाराष्ट्र के उपाध्यक्ष और पूर्व उपमहापौर राजेश शर्मा ने दी है।


उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर 2018 को अस्पताल में हुई भीषण आग के बाद अस्पताल की सेवाएं पूरी तरह बंद हो गई थीं। इसके बाद लगातार किए गए प्रयासों के चलते 14 अगस्त 2023 को अस्पताल में ओपीडी सेवाएं दोबारा शुरू की गई थीं। अब अस्पताल में आईपीडी सेवाएं भी शुरू हो गई हैं, जिसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


शर्मा ने कहा कि आईपीडी सुविधा शुरू होने से अंधेरी क्षेत्र के उन बीमित मरीजों को विशेष राहत मिलेगी, जिन्हें अब तक भर्ती होने के लिए करीब 15 किलोमीटर दूर कांदिवली स्थित ईएसआईसी अस्पताल जाना पड़ता था। अब मरीजों को अंधेरी में ही भर्ती कर उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने इस सुविधा को शुरू कराने में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। शर्मा ने कहा कि अस्पताल की सेवाओं को दोबारा पटरी पर लाने के लिए लंबे समय से लगातार प्रयास किए जा रहे थे और आईपीडी सेवाओं की शुरुआत उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
राजेश शर्मा ने यह भी बताया कि उनकी अवमानना याचिका पर 29 सितंबर को सुनवाई होनी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अस्पताल से जुड़ी शेष आवश्यक व्यवस्थाओं और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी आगे सकारात्मक प्रगति होगी।


