मुंबई वार्ता संवाददाता

दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शुक्रवार दोपहर एक इमारत के बिजली मीटर केबिन और दो दुकानों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही मुंबई अग्निशमन दल, पुलिस, 108 एंबुलेंस और बीएमसी वार्ड कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची। आग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


यह घटना मुंबादेवी मंदिर के पास मुंबादेवी रोड स्थित भैरूमल हाउस में शुक्रवार, 25 सितंबर को दोपहर करीब 1.15 बजे हुई। यह इमारत भूतल के अलावा चार मंजिल की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग भूतल पर स्थित बिजली के मीटर केबिन और दो दुकानों तक सीमित थी। मुंबई अग्निशमन दल ने दोपहर 1.26 बजे इसे लेवल-1 फायर कॉल घोषित किया।
आग बढ़ने के दौरान इमारत की तीसरी मंजिल पर सात लोग फंस गए थे। दमकलकर्मियों ने सीढ़ियों के रास्ते सभी सात लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसी दौरान तीसरी मंजिल पर मौजूद तीन अन्य पुरुष घबरा गए और इमारत से बाहर निकलकर पास की एडीएन इमारत की चौथी मंजिल की पैरापेट दीवार पर जाकर बैठ गए। दमकलकर्मियों ने एएलपी (एरियल लैडर प्लेटफॉर्म) की मदद से तीनों को भी सुरक्षित बचा लिया।
दमकल विभाग के अनुसार आग बिजली की वायरिंग, विद्युत उपकरणों, कॉमन मीटर केबिन, लकड़ी की सीढ़ियों और गलियारे में लगे बिजली के केबल तक सीमित थी। बेस्ट कर्मचारियों द्वारा बिजली आपूर्ति बंद किए जाने के बाद दमकलकर्मियों ने चार मोटर पंपों की एक छोटी होज लाइन और दो फर्स्ट-एड होज लाइनों की मदद से आग पर काबू पाया।
आग के कारण भूतल की आसपास की दुकानों में धुआं भर गया था। दमकलकर्मियों ने चाबियों की मदद से बंद दुकानों को खुलवाकर वेंटिलेशन की व्यवस्था की और धुआं बाहर निकाला।
करीब 2.45 बजे आग पूरी तरह बुझा दी गई। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


