श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के अंधेरी पूर्व स्थित मरोल इलाके में एक निजी प्लॉट पर कथित रूप से अवैध कब्जा करने की कोशिश के मामले में पवई पुलिस ने रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले गुट) के अंधेरी तालुका अध्यक्ष एवं टाइगर ग्रुप के मुंबई अध्यक्ष संजय खंडागले सहित 10 से 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।


पुलिस के अनुसार, निजी प्लॉट के मालिक की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संजय खंडागळे अपने सहयोगियों छोटा कन्ना, बड़ा कन्ना तथा 10 से 15 अन्य महिला और पुरुषों के साथ संबंधित प्लॉट पर पहुंचे और उस पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया।


शिकायत मिलने के बाद पवई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
इस बीच, स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि संजय खंडागळे और उनका समूह अंधेरी, मरोळ तथा गोरेगांव के आरे क्षेत्र में लोगों के बीच भय का माहौल बनाकर घरों और जमीनों पर अवैध कब्जा करने की कोशिश करता है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि संजय खंडागले, छोटा कन्ना और बड़ा कन्ना के खिलाफ पहले भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि और न्यायालय में उनकी वर्तमान स्थिति का सत्यापन किया जा रहा है।
पवई पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के साथ धोखाधड़ी हुई है या उसके घर, प्लॉट अथवा जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया गया है, तो वे बिना किसी भय के आगे आकर संबंधित पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


