मुंबई वार्ता/सतीश सोनी


मुंबईवासियों की आरामदायक यात्रा के लिए बनाया गया अटल सेतु एक बार फिर आत्महत्या की घटना के कारण चर्चा में आ गया है। मुंबई और नवी मुंबई को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण हाईवे ब्रिज अटल सेतु से जेजे अस्पताल के डॉक्टर ने खाड़ी में छलांग लगा दी। यह घटना सोमवार रात को हुई । इस डॉक्टर का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
अटल सेतु से खाड़ी में कूदने वाले व्यक्ति का नाम डॉ. ओंकार भागवत कवितके (32) बताया गया है। ओंकार कवितके जे.जे. अस्पताल में डॉक्टर के तौर पर काम करते हैं। वे कलंबोली का रहने वाले है और सोमवार रात को अटल सेतु पर आये थे। ओमकार कविटके के कूद जाने की जानकारी मिलने के बाद ध्रुवतार नाव को खोज अभियान के लिए तैनात किया गया। खाड़ी में ओमकार कविटके की तलाश जारी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उसने आत्महत्या करने का फैसला क्यों किया।
पुलिस ने कहा, “जब हमने फोन कॉल डिटेल्स की जांच की, तो पाया कि डॉक्टर ने आखिरी बार सोमवार रात 9.11 बजे अपनी मां को फोन किया था और कहा था कि वह जल्द ही डिनर के लिए घर आ रहा है।”


