मुंबई वार्ता संवाददाता/भिवंडी

भिवंडी मनपा में आयुक्त के पद पर आई ए एस आयुक्त के पदभार ग्रहण करते ही अवैध निर्माण का संरक्षण करने वाले अधिकारी अब अवैध निर्माण पर कार्रवाई करने में जुट गए है।पिछले दो दिन में शहर के तीन अवैध निर्माणों पर प्रशासन द्वारा एमआरटीपी का केस दर्ज कराया जा चुका है।जबकि अन्य अवैध निर्माणों पर जल्द ही कार्रवाई किए जाने की संभावना बढ़ गई है।जिसे लेकर अवैध निर्माण में लिप्त बिल्डरों में खलबली मच गई है।
भिवंडी मनपा आयुक्त का पदभार ग्रहण करते ही नवनियुक्त आयुक्त अनमोल सागर ने शहर में किसी भी प्रकाश का अवैध निर्माण बर्दाश्त न किए जाने की चेतावनी अधिकारियों को दिया है।जिसके बाद ही निर्माण विभाग व प्रभाग समिति अधिकारी चौकन्ना हो गए है।जिन अधिकारियों को अभी तक अवैध निर्माण को संरक्षण दिए जाने के कारण दिखाई नहीं दे रहा था।वही अब कार्रवाई करने निकल गए है।
मनपा प्रभाग समिति दो अंतर्गत क्षेत्र के राजीव नगर में जम जम स्कूल के पास पुराना मकान 896, 896/1 तोड़कर मनपा से बिना कोई परमिशन लिए ही नवाब अली मेहंदी हसन खान अवैध रूप से आरसीसी इमारत बना रहे थे।जिन पर सहायक आयुक्त माणिक अंकुश जाधव ने शांतिनगर पुलिस स्टेशन में एमआरटीपी का केस दर्ज करवाया है।यह अवैध निर्माण 5 सितंबर 2024 से शुरू किया गया था और इस पर छह माह के बाद 3 मार्च 2025 को केस दर्ज कराया गया है।इसी तरह इसी इलाके में स्कूल के बगल में शाहिद कमरूहिन सिद्दीकी ने रावजीनगर में घर नंबर 298/1/अ पर आर.सी.सी. भूतल और दो मंजिलों का 1200 वर्ग फुट का दो अवैध निर्माण कर रहे थे।जिन पर शांतिनगर पुलिस स्टेशन में महाराष्ट्र प्रादेशिक व नगर रचना अधिनियम 1966 की धारा 52 के तहत केस दर्ज कराया गया है.
मनपा सूत्रों के अनुसार मनपा आयुक्त द्वारा अवैध निर्माण की सख्ती के बाद अब पांचों प्रभाग समिति के अधिकारी धड़ाधड़ केस दर्ज करने की तैयारी में है।इतना ही नहीं खबर तो यह भी है कि अवैध निर्माण पर तोड़क कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।शहर में इन दिनों मनपा प्रशासन के भ्रष्ट अधिकारियों के कारण कई सौ अवैध निर्माण निरंकुश होकर दिन रात शुरू है।ऐसे में कितने पर कार्रवाई होती है।यह तो समय ही बताएगा.


