मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ ने महापौर रितु तावडे पर निशाना साधते हुए कहा कि अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के मुद्दे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का इस्तीफा मांगा जाना चाहिए।


गायकवाड़ ने कहा कि मुंबई के महापौर की जिम्मेदारी बिजली, सड़क, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की है, लेकिन वे लगातार बांग्लादेशी मुद्दे पर बयान दे रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि केंद्र में भाजपा की 12 साल की सत्ता और राज्य में भी भाजपा सरकार होने के बावजूद मुंबई में अवैध बांग्लादेशी रह रहे हैं, तो यह सीधे तौर पर केंद्र और राज्य सरकार की विफलता है।


उन्होंने आगे कहा कि जब देश की सीमाएं सुरक्षित होने का दावा किया जाता है, तब बांग्लादेशी और रोहिंग्या भारत में कैसे प्रवेश कर रहे हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से जवाब मांगा जाना चाहिए, न कि कांग्रेस पर आरोप लगाए जाएं।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह अपनी नाकामियों का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ रही है और इसे बंद करना चाहिए।इसके अलावा गायकवाड़ ने एलपीजी गैस की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि देशभर में गैस सिलेंडर के लिए लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जिससे छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन जनसमस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा नेता विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रहे हैं।
गायकवाड़ ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और भाजपा को अपने नेताओं की बयानबाजी के बजाय वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।


