■ मुंबई में लगेगा कर्मवीरों का मेला।
मुंबई वार्ता संवाददाता

समाज में अपनी प्रतिभा और रचनात्मक कार्यों के माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न क्षेत्रों के ‘कर्मवीरों’ को शनिवार, 27 सितंबर को गोरेगाँव पूर्व के वेस्टिन होटल में होने वाले समारोह में सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन ‘आज का कर्मवीर सोशल फाउंडेशन’ की ओर से किया जा रहा है।


फाउंडेशन के अध्यक्ष आर.पी. सिंह ने बताया कि समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, मनोरंजन, खेल, व्यापार, प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले गणमान्य व्यक्तियों को पुरस्कृत किया जाएगा।जिनका चयन पद्मश्री कमल सिंह चौहान, पद्मश्री पोपटराव पवार तथा उत्तर प्रदेश के सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक डॉ. विक्रम सिंह जैसी प्रतिष्ठित ज्यूरी ने किया है।


फाउंडेशन के चेयरमैन आर.पी. सिंह ने बताया कि संस्था का यह छठा वार्षिक आयोजन है। इसकी शुरुआत मुंबई से हुई थी और भुवनेश्वर, उत्तराखंड होते हुए पुनः एक बार यह आयोजन मुंबई में ही हो रहा है।
उन्होंने कहा कि समाज के लिए निःस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। इसी उद्देश्य से संस्था द्वारा सम्मान समारोह के साथ-साथ उसी मंच पर एक चर्चा सत्र का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हेल्थ, वेल्थ और सनातन पर मंथन होगा।
खास बात है कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, विधान परिषद उप सभापति सचिन अहिर, मंत्री प्रताप सरनाईक और सिद्धिविनायक मंदिर के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।
फाउंडेशन का मानना है कि समाज में बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी, समर्पण और रचनात्मक सोच के साथ काम करने वाले नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से भी संभव है। ‘आज का कर्मवीर’ सम्मान ऐसे ही प्रयासों को पहचान और प्रोत्साहन देने की एक पहल है।


