● मनपा अस्पतालों में मरीजों के इलाज के लिए सुविधाएं बढ़ाने की मांग.
मुंबई वार्ता/हरीशचंद्र पाठक

शहर और उपनगरों में बरसात के इस मौसम में मलेरिया चिकनगुनिया और डेंगू के मरीजों की संख्या में निरन्तर वृद्धि हो रही है। विशेष रूप से झोपड़पट्टियों में मरीजों की संख्या बढ़ने से चिकित्सकों के यहां भारी भीड़ हो रही है। बताया जाता है कि पिछले साल की तुलना में इस साल मरीजों की संख्या में वृद्धि होती जा रही है। हालांकि मनपा प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहने का आदेश दिया है। लेकिन शहर और उपनगरों में मच्छर जनित बीमारियों में चिंताजनक वृद्धि हो रही है।


मलेरिया और डेंगू के बढ़ते हुए प्रकोप को देखते हुए रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया दक्षिण मध्य मुंबई के जिला अध्यक्ष संजय डोलसे ने मनपा आयुक्त से मनपा द्वारा संचालित के. एम, नायर, सायन, शताब्दी और घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ाने की मांग की है।


बता दें कि पूर्वी उपनगर के अणुशक्ति नगर विधानसभा में आने वाली वासीनाका , गडकरी खदान, कस्तूरबा नगर, भारत नगर, पांजरापोल, मानखुर्द मंडाला, इंदिरा नगर, मातंग ऋषि नगर, निमोनिया बाग, दादासाहेब गायकवाड़ नगर, जाकिर हुसैन नगर, बैगनवाडी झोपड़पट्टियों में मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया का प्रकोप फैला हुआ है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के जिला अध्यक्ष संजय डोलसे ने बताया कि झोपड़पट्टियों में रहने वाले अधिकांश गरीब तबके के मरीज इलाज के लिए मनपा अस्पतालों में जा रहे हैं।
अनेक अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं की काफी कमी है। जिसके कारण मरीजों को इलाज के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डोलसे ने मनपा आयुक्त से मांग की है कि के. एम, नायर, सायन, शताब्दी और घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को मुहैया कराया जाय।


