■ पीयूष गोयल के नेतृत्व में, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समर्थन से, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय का ऐतिहासिक निर्णय ।
मुंबई वार्ता संवाददाता

उत्तर मुंबई के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के सतत प्रयासों के कारण, एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के रडार स्थापना के चलते पिछले कई वर्षों से रुकी हुई दहिसर, मागाठाणे और बोरीवली की आवास एवं पुनर्विकास परियोजनाओं को आज बड़ी राहत मिली है। दहिसर स्थित उच्च-आवृत्ति रडार को गोराई में स्थानांतरित करने का निर्णय लिए जाने से लगभग ६ किलोमीटर क्षेत्र में लंबे समय से लंबित आवास विकास का मार्ग खुल जाएगा।


इस अवसर पर बोलते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि आने वाले कुछ वर्षों में अनुमानित ५०,००० घरों का निर्माण या पुनर्विकास किया जाएगा। इससे बुनियादी सुविधाओं से युक्त पक्के घर उपलब्ध होंगे तथा बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा।”रविवार शाम आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद इस निर्णय की घोषणा की गई।


पीयूष गोयल ने कहा, “यह विषय आसान नहीं था। कई वर्षों के निरंतर अनुवर्तन के बाद केंद्र और राज्य सरकारों के बीच निकट समन्वय से यह ऐतिहासिक निर्णय संभव हो पाया है। आने वाले महीनों में सभी रुकी हुई परियोजनाएं तेज़ी से शुरू होंगी और उत्तर मुंबई ‘उत्तम मुंबई’ बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।”


इस निर्णय को संयुक्त प्रयासों का परिणाम बताते हुए उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा तुरंत वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराए जाने के लिए आभार व्यक्त किया। इससे दहिसर पर लगा “अंतिम उपनगर” का टैग मिट जाएगा और यह क्षेत्र तेज़ी से विकसित होने वाले विकास केंद्र के रूप में उभरेगा।
“नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर, किफायती आवास तथा सुरक्षित, हरित और सम्मानजनक आवासीय वातावरण मिलेगा,” ऐसा उन्होंने कहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पहले दिन से ही कल्याण पर दिए गए जोर की याद दिलाते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि,”मोदी सरकार गरीबों, महिलाओं, मध्यम वर्ग और युवाओं के कल्याण के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है। आज का निर्णय उसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”
इस निर्णय के लिए उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रियों की भी सराहना की। पीयूष गोयल ने कहा कि दहिसर, मागाठाणे और बोरीवली के निवासी शीघ्र ही अपने बच्चों को पक्के घरों में बड़ा कर सकेंगे। चल रहे विभिन्न कल्याणकारी और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी बीएमसी चुनावों में जनता एनडीए की ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ को भारी विजय दिलाएगी।
इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा, “आवास की आवश्यकताओं और विमान सुरक्षा के बीच संतुलन बनाए रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे हजारों परिवारों को राहत मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।”
नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोळ ने कहा, “दहिसर विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के लिए आज का दिन अत्यंत आनंददायक है। घर के स्वामित्व का दीर्घकालीन सपना अब साकार होने जा रहा है।”
आमदार मनिषा चौधरी ने भी इस निर्णय पर संतोष व्यक्त किया।


