मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के मालाड पूर्व स्थित कुरार गांव के ओमकार जानुभोये नगर एसआरए सोसायटी के रहवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को लेकर पूर्व नगरसेवक विनोद मिश्रा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर हस्तक्षेप की मांग की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआरए अधिकारियों को संयुक्त बैठक बुलाकर वास्तविक स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए हैं।


पूर्व नगरसेवक विनोद मिश्रा ने मुख्यमंत्री को बताया कि ओमकार जानुभोये नगर एसआरए सोसायटी में कई पात्र परिवारों के मकानों की सरकारी रिकॉर्ड में गलत तरीके से “फर्स्ट फ्लोर” के रूप में एंट्री दर्ज कर दी गई है। इस तकनीकी और लिपिकीय त्रुटि के कारण प्रभावित परिवारों की पात्रता तथा पुनर्वास प्रक्रिया बाधित हो रही है, जिससे गरीब रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीर मानते हुए एसआरए के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल संयुक्त बैठक आयोजित करने और स्थल पर जाकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने के निर्देश दिए। इस बैठक में एसआरए अधिकारी, आर्किटेक्ट, डेवलपर, सोसायटी कमेटी के सदस्य और प्रभावित रहवासी शामिल होंगे।
विनोद मिश्रा ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि मुख्यमंत्री के संवेदनशील और जनहितैषी नेतृत्व में ओमकार जानुभोये नगर के प्रभावित परिवारों को जल्द न्याय मिलेगा और सभी पात्र लोगों को उनका अधिकार वाला घर प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि रहवासियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए ताकि किसी भी पात्र परिवार को प्रशासनिक त्रुटियों का खामियाजा न भुगतना पड़े।


