मुंबई वार्ता संवाददाता

श्री कृष्ण समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य समापन श्रद्धा और भक्तिभाव के वातावरण में हुआ। आग्रा रोड स्थित लोहाणा महाजन वाडी हॉल में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।


कथा के दौरान श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी आत्मानंद सरस्वती जी महाराज (काशी) ने अपने मधुर प्रवचनों से श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराया। कथा के अंतिम दिवस पर सुदामा चरित्र की भावपूर्ण व्याख्या ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।समापन दिवस की शुरुआत सुबह 11 बजे विष्णु सहस्त्रनाम पाठ और तुलसी दल से अभिषेक के साथ हुई। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अभिषेक, आरती और भजन में भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। पूरे परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।शाम 5 बजे आयोजित कथा सत्र में विधिवत पूर्णाहुति की गई।


इसके बाद आयोजित महाभंडारे में सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।इस धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान ओमप्रकाश गुप्ता एवं माया ओमप्रकाश गुप्ता रहे। कथा को सफल बनाने में समिति सदस्य नीता अग्रवाल, संगीता गुप्ता, पल्लवी अग्रवाल, वर्षा अग्रवाल, माया गुप्ता, वंदना मित्तल, शशि सक्सेना, राजकुमारी शर्मा, नेहा तिवारी और ललिता अग्रवाल ने विशेष मेहनत और योगदान दिया।


