मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

ठाणे के दिवा स्थित खरदीगांव इलाके में बिजली के तार में फंसे कबूतर को बचाने गए ठाणे नगर निगम के एक दमकलकर्मी की रविवार शाम मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्सव पाटिल (28) के रूप में हुई है और इस घटना में दमकलकर्मी आज़ाद पाटिल (२९) घायल हो गए।


खरदीगांव के दिवा-शील रोड पर टोरेंट कंपनी की बिजली के तार में एक कबूतर फंस गया था। इसकी सूचना मिलते ही ठाणे नगर निगम के दमकलकर्मी मौके पर पहुँच गए। जवान उत्सव पाटिल और आज़ाद पाटिल जब कबूतर को बचा रहे थे, तभी अचानक उन्हें करंट लग गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें कलवा स्थित ठाणे नगर निगम के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया।नगर निगम उपायुक्त दिनेश तायडे, अग्निशमन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी जानकारी लेने अस्पताल पहुँचे।
इस घटना में उत्सव पाटिल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि आज़ाद पाटिल के हाथ और सीने पर जलन हुई है। ठाणे नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।


