मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के राजनीतिक गलियारों से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। भांडुप स्थित कांग्रेस की वरिष्ठ नगरसेविका आशा कोपरकर और उनके परिवार के खिलाफ भांडुप पुलिस स्टेशन में अपहरण, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि पति के साथ कथित अवैध संबंधों के शक में एक महिला का अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई।


भांडुप के वार्ड क्रमांक 110 की कांग्रेस नगरसेविका आशा कोपरकर, उनकी दो बेटियां, दामाद, बेटा और निजी कार चालक के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया है। आशा कोपरकर कांग्रेस नेता सुरेश कोपरकर की पत्नी हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता सुरेश कोपरकर के एक महिला के साथ कथित अनैतिक संबंध होने का शक आशा कोपरकर और उनके परिवार को था। इसी शक के चलते परिवार ने कथित तौर पर संबंधित महिला का अपहरण किया।


आरोप है कि महिला को एक जगह ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद पीड़ित महिला सीधे भांडुप पुलिस स्टेशन पहुंची और कोपरकर परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी हुई है या नहीं, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। भांडुप पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।


