श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) मुंबई ने मुंबई एयरपोर्ट पर दो अलग-अलग अभियानों में कुल 2.659 किलोग्राम कोकीन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत लगभग 13.295 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में दो लोगों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (NDPS) एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।


अधिकारियों के अनुसार, विशेष खुफिया सूचना के आधार पर डीआरआई ने अदीस अबाबा से मुंबई पहुंची एक महिला यात्री को रोका। उसकी जांच के दौरान सामान से 8 पाउच बरामद किए गए, जिनमें 1.575 किलोग्राम लिक्विड कोकीन छिपाकर लाई जा रही थी। जब्त मादक पदार्थ की कीमत अवैध बाजार में करीब 7.875 करोड़ रुपये आंकी गई है।


एक अन्य कार्रवाई में डीआरआई अधिकारियों ने मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे एक अफ्रीकी नागरिक को हिरासत में लिया। जांच में पता चला कि उसने कोकीन से भरे कैप्सूल निगल रखे थे। बाद में यात्री के शरीर से कुल 70 कैप्सूल निकाले गए, जिनमें 1.084 किलोग्राम कोकीन बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 5.42 करोड़ रुपये बताई गई है।
दोनों मामलों में बरामद मादक पदार्थ को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
डीआरआई अधिकारियों ने बताया कि ड्रग तस्करी से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। एजेंसी ने कहा कि “नशा मुक्त भारत” अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और अंतरराष्ट्रीय गिरोहों को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


