मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

मुंबई के कांदिवली इलाके के चारकोप में बुधवार दोपहर अज्ञात हमलावरों ने एक एस्टेट एजेंट को गोली मार दी। चारकोप पुलिस भागे हुए तीन हमलावरों की तलाश कर रही है।


चारकोप पुलिस के मुताबिक, फ्रेडी दिलिमा एक एस्टेट एजेंट है। वह बुधवार दोपहर चारकोप में फादर सुसाई इंग्लिश स्कूल के पास अपने दोस्त की दुकान पर गया था। जैसे ही वह वहां से निकला, दोपहर करीब 2 बजे उसका पीछा कर रहे तीन हमलावरों ने उस पर दो गोलियां चलाईं। एक गोली उसके पेट में लगी। स्थानीय लोगों ने तुरंत फ्रेडी को इलाज के लिए पास के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया। घायल फ्रेडी की हालत स्थिर है और उसका इलाज चल रहा है।


तीनों हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग गए। गोली देसी कट्टे से मारी गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने हेलमेट पहना हुआ था और उनके चेहरे नकाब से ढके हुए थे। दोपहर में हुई इस गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। कुल तीन हमलावर थे और वे दोपहिया वाहन पर आए थे।


जोन 11 के पुलिस उपायुक्त संदीप जाधव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में दिख रहा है कि वे कहां से आए थे और उसके आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। चारकोप पुलिस ने इस मामले में हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया है।


