चित्रनगरी संवाद मंच में आमची मुंबई पर चर्चामंच की यात्रा के पांच साल ।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

पिछले पांच सालों से मुंबई में नियमित रूप से सार्थक व स्तरीय साहित्यिक आयोजनों से चर्चित चित्रनगरी संवाद मंच में रविवार ,6 जुलाई को राजेश विक्रांत की नई पुस्तक आमची मुंबई-2 पर चर्चा की गई।

सुविख्यात कवि सुभाष काबरा ने रोचक अंदाज़ में परिचयात्मक टिप्पणी पेश करते हुए कहा कि यह पुस्तक मुंबई के इतिहास, समाज और साहित्य पर महत्वपूर्ण दस्तावेज़ है।

अपने आत्मकथ्य में राजेश विक्रांत ने बताया कि यह उनका मुंबई पर मुंबई माफिया: एक एनसाइक्लोपीडिया, आमची मुंबई-1, आजादी की लड़ाई में मुंबई का योगदान, स्वातंत्र्य लढ्यातील मुंबईचे योगदान, मुंबई और हिंदी तथा आदिज्ञान मुंबई का कोली समुदाय विशेषांक के बाद सातवां महत्वपूर्ण कार्य है। 424 पृष्ठों की इस पुस्तक का प्रकाशन भारत पब्लिकेशन मुंबई ने किया है।केशव गोरे स्मारक ट्रस्ट, मृणालताई हाल, गोरेगांव पश्चिम में आयोजित इस कार्यक्रम में चित्रनगरी संवाद मंच की पांच साल की यात्रा का आकलन बड़े आत्मीय ढंग से सुप्रसिद्ध शायरा अर्चना जौहरी ने पेश किया।

‘धरोहर’ के तहत मुम्बई पर सूर्यभानु गुप्त की ग़ज़ल का पाठ बहुभाषी शायर एवं ब्रज ग़ज़ल प्रवर्तक नवीन सी चतुर्वेदी ने किया। संगीत नाटक अकादमी अवार्ड से सम्मानित छत्तीसगढ़ के लोक गायक राकेश तिवारी ने लोकगीत सुनाकर सबको भाव विभोर कर दिया। “झिमिर झिमिर बरसे पानी” गीत सुनकर श्रोता समुदाय झूम उठा। संस्कृत विद्यामंडल छत्तीसगढ़ के पूर्व अध्यक्ष डॉ सुरेश शर्मा ने संस्कृत में श्लोक सुनाकर चित्रनगरी संवाद मंच को शुभकामनाएँ दीं।

मंच के संयोजक कवि देवमणि पांडेय के संचालन में लब्ध प्रतिष्ठित कवियों ने मुम्बई पर लिखी विविधरंगी कविताओं का पाठ किया। कवियों की इस सूची में शामिल थे- भारतेंदु विमल, कृष्ण टंडन, अमर त्रिपाठी, केपी सक्सेना दूसरे, गुलशन मदान, रवि यादव, जवाहरलाल निर्झर, प्रदीप गुप्ता, क़मर हाजीपुरी, हेमा चंदानी, मंजू शर्मा, रीता कुशवाहा, नीतू पांडेय क्रांति, राजू मिश्र कविरा, रवि प्रकाश, राजीव रोहित, विजय शर्मा, कल्पेश यादव।

इस अवसर पर लेखक संजय सिंह निर्जल, प्रकाशक आफताब आलम, धर्मेंद्र पांडेय व शिव श्याम प्रजापति भी मौजूद रहे। अर्चना जौहरी के मुताबिक चित्रनगरी संवाद मंच मुंबई एक अनौपचारिक मंच है। हर रविवार इसके नियमित आयोजन में कविता पाठ, कहानी पाठ, नाटकों का मंचन, किताबों पर चर्चा, लेखक से मिलिए आदि कार्यक्रम होते हैं। बाहर से पधारे रचनाकारों के साथ सार्थक संवाद होता है और नये रचनाकारों को भी इस मंच पर भरपूर प्रोत्साहन दिया जाता है।

मुंबई के उपनगर गोरेगांव पूर्व में फ़िल्म सिटी रोड के आसपास की इमारतों में बहुत सारे लेखक, पत्रकार, रंगकर्मी, कलाकार, गायक, संगीतकार और अभिव्यक्ति के अन्य माध्यमों से जुड़े लोग रहते हैं। इन्हें आपस में एक मंच के ज़रिए जोड़ने के लिए कथाकार सूरज प्रकाश की अगुवाई में जनवरी 2020 में “चित्रनगरी संवाद मंच मुम्बई” का गठन किया गया। यह तय किया गया कि प्रत्येक रविवार की शाम को 6 से 8 बजे सब नियमित रूप से गोरेगांव पूर्व में इडलिश कैफ़े में मिलेंगे। अड्डेबाजी करेंगे। रचनात्मक गपशप और चाय-काफ़ी का लुत्फ़ उठाएंगे। आगे चलकर मराठी लेखक अशोक राजवाड़े के सौजन्य से चित्रनगरी संवाद मंच को केशव गोरे ट्रस्ट, गोरेगांव पश्चिम में मृणालताई हाल मिल गया।

शायर देवमणि पांडेय के संयोजन में रविवार 3 जुलाई 2022 से वहां हर रविवार को सुचारू रूप से साप्ताहिक आयोजन होने लगे। विगत तीन साल में वहां डेढ़ सौ से अधिक कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं। इन कार्यक्रमों का ब्यौरा “चित्रनगरी संवाद मंच मुम्बई” के फेसबुक पेज पर देखा जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

पवई में बीएमसी की बड़ी कार्रवाई, फुकट नगर और मिलिंद नगर के 250 अवैध निर्माण ध्वस्त।

मुंबई वार्ता संवाददाता बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने पवई...

पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों के खिलाफ 1-2 जून को मुंबई कांग्रेस का आंदोलन।

मुंबई वार्ता संवाददाता पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की...

घाटकोपर की मराठी स्कूल बचाने के लिए हजारों लोगों का प्रदर्शन, निजीकरण के खिलाफ फूटा जनआक्रोश।

मुंबई वार्ता संवाददाता घाटकोपर (पूर्व) के पंतनगर क्षेत्र...