● शैलेन्द्र श्रीवास्तव और महेश दुबे का सत्कार.
मुंबई वार्ता संवाददाता

चिल्ड्रेन्स वेलफेयर सेंटर के मालाड स्थित लॉ कॉलेज में बुधवार को हिंदी दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। पश्चिमी उपनगर के इस प्रतिष्ठित विधि कालेज के शिक्षकों और ढेर सारे विद्यार्थियों ने हिंदी की व्यापकता पर चर्चा की।


इस अवसर पर महाराष्ट्र विधानसभा के पूर्व प्रधान सचिव व कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ अनंत कल्से की अध्यक्षता में हुए कवि सम्मेलन में महेश दुबे ने अपनी हास्य व्यंग्य और देश प्रेम से लोटपोट कविताएं सुनाकर कॉलेज प्रोफेसरों एवं कानून के विद्यार्थियों को खूब हंसाया और देर तक रोमांचित किया।


विशिष्ट अतिथि शैलेंद्र श्रीवास्तव और ट्रस्टी विष्णु दांडेकर ने हिंदी की बढ़ती उपयोगिता और उसके वैश्विक महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ ईश्वर की आराधना से हुआ। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स का अवलोकन किया।
इस अवसर पर विशिष्ट हिंदीसेवी शैलेन्द्र श्रीवास्तव और प्रख्यात कवि महेश दुबे का विशेष सत्कार हुआ। उपनगरों में कई शैक्षणिक संस्थान चलाने वाले ‘चिल्ड्रेन्स वेलफेयर सेंटर’ के संस्थापक व सचिव अजय कौल के सामाजिक, शैक्षणिक, साहित्यिक योगदान की अतिथियों ने सराहना की। कॉलेज प्रबंधन के प्रभारी सूरज वाधवा के प्रति आभार जताया गया।
कालेज के कार्यालयीन प्रभारी रोहित करंडे, असिस्टेंट प्रोफेसर मुनमुन देसाई, राजकुमार तिवारी, पूजा भोसले, शिवानी वर्तक, संयोजिका सौंदर्य श्रीवास्तव आदि ने स्वागत किया। बृजेश वर्मा ने आयोजन की व्यवस्था संभाली।
इस अवसर पर विधि के कई छात्र-छात्राओं ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।


