मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत के मामले में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की जांच रिपोर्ट के विरोध में बुधवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने आज़ाद मैदान में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बीएमसी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग की।


एमएनएस का कहना है कि बीएमसी की जांच रिपोर्ट में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को हादसे के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया गया, जो पीड़ित परिवार के साथ अन्याय है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहा है और इसी के विरोध में आंदोलन किया गया।


एमएनएस नेता संदीप देशपांडे ने कहा कि एक मासूम बच्चे की मौत के बाद भी जांच में किसी की जवाबदेही तय नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने एक सप्ताह पहले ही नगर आयुक्त को पत्र देकर चर्चा की मांग की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि प्रशासन को अपना अहंकार छोड़कर जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।
गौरतलब है कि 30 जून 2026 को चेंबूर में एक विशाल पेड़ स्कूल बस पर गिर गया था। इस हादसे में 11 वर्षीय छात्र विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य छात्र घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज किया था। बाद में बीएमसी की आंतरिक जांच रिपोर्ट में किसी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया, जिस पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
इससे पहले मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े भी बीएमसी की इस जांच रिपोर्ट को खारिज कर चुकी हैं। उन्होंने रिपोर्ट में जवाबदेही तय न होने पर असंतोष जताते हुए मामले की नए सिरे से स्वतंत्र जांच कराने के निर्देश दिए थे।


