■ चर्मकार विकास संघ मुंबई प्रदेश ने सहायक आयुक्त को ज्ञापन सौंपा
मुंबई वार्ता/हरिश्चंद्र पाठक

मनपा की हिटलर शाही इतनी बढ़ गई है कि वे लायसेंस धारी स्टाल वालों को भी नहीं बख्श रहे हैं। जिसका तरोताजा उदाहरण चेंबूर में देखने को मिला है। बताया जाता है कि चेंबूर परिसर में परवानाधारक गटई कामगार श्रीमती अनुसया भगवान डिडोले और श्रीमती चंद्रभागा अन्ना अहिरे का स्टाल कई सालों से है। उक्त दोनों ही महिलाओं के स्टाल गत दिनों बगैर किसी पूर्व सूचना और स्थाई व्यवस्था के सामान के साथ हटा दिया गया। जिसके कारण इन लायसेंस धारी महिलाओं के स्टाल हटा दिए जाने से गटई कामगारों में आक्रोश व्याप्त है।


इस घटना की सूचना मिलते ही चर्मकार विकास संघ मुंबई प्रदेश के अध्यक्ष सुभाष मराठे के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने एम पश्चिम विभाग के सहायक आयुक्त शंकर भोसले से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिष्टमंडल ने मनपा की ओर से की गई कथित अनधिकृत कार्यवाही पर सहायक आयुक्त से इसका जवाब मांगा और तीव्र नाराजगी जताई। शिष्टमंडल द्वारा किए गए प्रश्नों को सहायक आयुक्त ने गंभीरता से लेते हुए एक महीने के भीतर स्थाई व्यवस्था किए जाने का आश्वासन दिया।


इस शिष्टमंडल में प्रमुख रूप से समाजसेविका सुश्री अनीता पटोले, गणेश डिडोले, महेश अहिरे, श्रीमती चंद्रभागा अहिरे, मोहन डिडोले सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे। उक्त जानकारी गटई कामगार आघाड़ी मुंबई प्रदेश के अध्यक्ष अशोक कांबले ने दी है। वहीं गटई कामगारों पर मनपा की ओर से की जा रही ज्यादती के खिलाफ आक्रोश जताते हुए चर्मकार विकास संघ मुंबई प्रदेश के अध्यक्ष सुभाष मराठे ने धमकी दी है कि यदि मनपा ने अपना रवैया न बदला तो तीव्र आंदोलन किया जायेगा।


