श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

अगर आप देशभक्ति, युद्ध और वास्तविक घटनाओं पर आधारित वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, तो नेटफ्लिक्स की ‘ ऑपरेशन सफेद सागर’ एक बार जरूर देखनी चाहिए। करगिल युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी यह वेब सीरीज़ भारतीय वायुसेना के अदम्य साहस, रणनीति और बलिदान को बेहद प्रभावशाली ढंग से पर्दे पर उतारती है।


सीरीज़ की सबसे बड़ी खासियत इसकी मजबूत पटकथा है, जो दर्शकों को शुरुआत से अंत तक कहानी से जोड़े रखती है। युद्ध के तनाव, सैनिकों की भावनाओं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को बेहद संवेदनशील और वास्तविक अंदाज़ में प्रस्तुत किया गया है। खास तौर पर भारतीय वायुसेना के ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की भूमिका को जिस गंभीरता और गरिमा के साथ दिखाया गया है, वह इसे अन्य युद्ध-आधारित प्रस्तुतियों से अलग बनाता है।


सभी कलाकारों ने अपने-अपने किरदारों के साथ पूरा न्याय किया है। उनका सशक्त अभिनय कहानी को और अधिक विश्वसनीय बनाता है। निर्देशन भी बेहद प्रभावशाली है। युद्ध के दृश्य, तकनीकी बारीकियां, सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड म्यूज़िक मिलकर ऐसा माहौल तैयार करते हैं कि दर्शक खुद को करगिल के रणक्षेत्र के बेहद करीब महसूस करने लगते हैं।
यह वेब सीरीज़ केवल मनोरंजन नहीं करती, बल्कि उन वीर जवानों और वायुसेना के योद्धाओं के साहस, समर्पण और बलिदान के प्रति सम्मान का भाव भी जगाती है। युद्ध की वास्तविकता और देश के लिए लड़ने वाले सैनिकों के जज़्बे को समझने के लिए ‘सफेद सागर’ निश्चित रूप से देखने लायक प्रस्तुति है।
यदि अब तक आपने यह वेब सीरीज़ नहीं देखी है, तो इसे अपनी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल करें। एक बार देखना तो बनता है।


