मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने जोगेश्वरी (पश्चिम) के कैप्टन सामंत मार्ग स्थित नवनिर्मित ओशिवरा प्रसूति गृह का बुधवार को लोकार्पण कर इसे तत्काल नागरिकों की सेवा के लिए शुरू कर दिया। इस अवसर पर मुंबई की महापौर रितू तावडे ने कहा कि यह प्रसूति गृह केवल एक भवन नहीं, बल्कि सुरक्षित मातृत्व और नवजात शिशुओं के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है।


लोकार्पण समारोह में स्थानीय विधायक हारून खान, सार्वजनिक स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरीश भांदिर्गे, नगरसेवक रुपेश सावरकर, विठ्ठल बंधिरे, नगरसेविका सुधा सिंह, बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, नर्सें और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
महापौर रितू तावडे ने कहा कि समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिलने से प्रसव के दौरान होने वाले अधिकांश जोखिमों को टाला जा सकता है। इसलिए स्थानीय स्तर पर आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बीएमसी महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लगातार नई स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रही है।
उन्होंने बताया कि इस प्रसूति गृह से जोगेश्वरी (पश्चिम), आदर्श नगर, बेहराम बाग, गौतम नगर, शास्त्री नगर और आसपास के हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को अब अपने घर के निकट ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी, जिससे बड़े सरकारी अस्पतालों पर भी मरीजों का दबाव कम होगा।
■ 50 बेड वाला आधुनिक अस्पताल
बीएमसी के अनुसार, पुराने ओशिवरा प्रसूति गृह की इमारत जर्जर होने के कारण उसकी सेवाएं अस्थायी रूप से टोपीवाला प्रसूति गृह में स्थानांतरित कर दी गई थीं। अब सुविधा भूखंड (एमेनिटी प्लॉट) पर भूतल सहित तीन मंजिला नई आधुनिक इमारत का निर्माण किया गया है, जिसे अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
नए अस्पताल में कुल 50 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। इनमें 34 बेड स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, 10 बेड बाल रोग विभाग तथा 6 बेड विशेष नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (SNCU) के लिए आरक्षित हैं।
■ 24 घंटे मिलेंगी ये स्वास्थ्य सेवाएं
प्रसूति गृह में अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), आंतरिक रोगी विभाग (आईपीडी) और आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। यहां स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ सेवाएं, बाल रोग उपचार, सुरक्षित प्रसव, प्रसव पूर्व और प्रसवोत्तर देखभाल, नवजात शिशु उपचार, परिवार नियोजन, टीकाकरण तथा माता एवं शिशु स्वास्थ्य परामर्श जैसी सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
अस्पताल में एक वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, दो स्त्री रोग विशेषज्ञ, एक बाल रोग विशेषज्ञ तथा प्रशिक्षित नर्सों की टीम 24 घंटे मरीजों की सेवा के लिए तैनात रहेगी। बीएमसी का कहना है कि यह नया प्रसूति गृह उपनगरीय क्षेत्र की मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


