मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

ठाणे के इंदिरानगर क्षेत्र में एक तेंदुए के देखे जाने से नागरिकों में भय व्याप्त हो गया है । स्थानीय पूर्व नगरसेवक एकनाथ भोईर ने वन विभाग से इस तेंदुए को अपने नियंत्रण में लेने की मांग की है ।


उन्होंने मांग की है जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़े। ठाणे नगर निगम पाड़ा क्रमांक 15 इंदिरा नगर कब्रिस्तान, हनुमान नगर क्षेत्र में पिछले 3 दिनों से तेंदुए की गतिविधि में वृद्धि देखी गई है। चूंकि यह क्षेत्र घनी आबादी वाला है, इसलिए बच्चों और नागरिकों की काफी आवाजाही रहती है। यह क्षेत्र एक झोपड़पट्टी क्षेत्र है, इसलिए कई नागरिकों के घरों में शौचालय नहीं हैं। नागरिक रात में शौचालय का उपयोग करने घर से बाहर जाते हैं।


तेंदुआ इसी क्षेत्र से एक कुत्ते को भी उठा ले गया है जो घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। इससे क्षेत्र के नागरिकों के मन में भय उत्पन्न हो गया है। यह मामला बेहद गंभीर है और अगर तेंदुआ इलाके के किसी भी नागरिक पर हमला करता है, तो इससे नागरिकों की जान को बड़ा खतरा हो सकता है।
स्थानीय पूर्व नगरसेवक ठाणे एकनाथ भोईर ने कहा कि, “वन विभाग को इस घटना पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और तेंदुए को पकड़ने के लिए तुरंत आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।”


