डालमिया कॉलेज में हिंदी उत्सव और शिक्षक सम्मान समारोह, 120 शिक्षकों का किया गया सम्मान।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

प्रह्लादराय डालमिया लायंस कॉलेज के सभागृह में ‘शिक्षक सम्मान कार्यक्रम’ एवं ‘हिंदी दिवस उत्सव’ का सामूहिक आयोजन अनूठे अंदाज में किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के 120 पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षकों का उपहार एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई। हिंदी के समर्थन में छात्रों ने 14 फलकों पर अंकित विभिन्न सूक्ति वाक्यों का प्रदर्शन किया। कॉलेज कर्णधार परिषद के महामंत्री लायन कन्हैयालाल घ. सराफ ने अपने चिरपरिचित चुटीले अंदाज में व्यंग्य लेख ‘कान-पुराण’ प्रस्तुत किया। उनके व्यंग्य पाठ के दौरान सभागृह तालियों और हंसी के फव्वारों से गूंज उठा।


हास्य-व्यंग्य के सशक्त हस्ताक्षर एवं कुशल मंच संचालक सुरेश मिश्र ने एकल काव्य पाठ प्रस्तुत कर श्रोताओं को खूब गुदगुदाया और मंत्रमुग्ध किया। उनकी कविता ‘बेटी के नाम खत’ ने भावुक कर दिया और कई श्रोताओं की आंखें नम हो गईं।


इस अवसर पर कॉलेज कर्णधार परिषद के महामंत्री लायन कन्हैयालाल घ. सराफ, लायन अशोक बैरागरा एवं लायन विकास क. सराफ ने हास्य सम्राट सुरेश मिश्र का सारस्वत सम्मान किया। उन्हें शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह, समृद्धि पौधा एवं मानधन प्रदान कर सम्मानित किया गया।


स्वरचित काव्य पाठ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में कु. शिवांगी मिश्रा ने प्रथम, कु. निधिता यादव ने द्वितीय तथा कु. हर्षा माली ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। कु. सुमन पाल को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया।


कार्यक्रम का संचालन प्रा. डॉ. सुनिता पाल एवं छात्रा प्रकृति प्रकाश ने किया। उपप्राचार्या प्रा. किरण मिश्रा ने अपने मनोगत एवं आभार प्रदर्शन में कॉलेज प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की।


कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रा. संदीप गुप्ता, राजेश दुबे, श्रीमती पूनम पटवर्धन, सुशील यादव तथा छात्र प्रतिनिधि लियो हर्षित मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

अभय योजना का दायरा बढ़ेगा, 25 हजार वंचित झुग्गीवासियों को मिलेगा लाभ।

मुंबई वार्ता संवाददाता मुंबई उपनगर जिले के पालकमंत्री...