हरीशचंद्र पाठक/मुंबई वार्ता

विगत 25 वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए वरिष्ठ पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता तानाजी कांबले को महाराष्ट्र सरकार द्वारा डॉक्टर बाबासाहेब आंबेडकर समाज भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उक्त पुरस्कार राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट की मौजूदगी में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।


यह पुरस्कार समारोह मुंबई के नरीमन पॉइंट स्थित यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान में आयोजित किया गया।बता दें कि यह पुरस्कार महाराष्ट्र सरकार के सामाजिक न्याय विभाग द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, भटक्या विमुक्त और अन्य पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रतिवर्ष दिया जाता है।
तानाजी कांबले 25 वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। उनका जन्म कोंकण के वैभववाड़ी तालुका में एक बहुत ही गरीब परिवार में हुआ था। उनके माता-पिता किसान थे। उन्होंने अपने बच्चों का पालन-पोषण बड़ी मुश्किल से किया। ग्रामीण क्षेत्र में जन्म लेने के कारण परिवहन निगम की एस.टी. बस गांव से होकर नहीं जाती थी।ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, रास्ते, पुल आदि जैसी समस्याओं तथा पानी की कमी का सामना करते हुए तानाजी कांबले ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही पूरी की तथा आगे की शिक्षा वैभववाड़ी के आश्रम स्कूल में हुई।
पढ़ाई के दौरान ही उनके मन पर बुद्ध, फुले ,शाहू तथा डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के क्रांतिकारी विचारों का प्रभाव पड़ा। उन्होंने अठारह वर्ष की आयु में ही पत्रकारिता तथा सामाजिक कार्य शुरू कर दिया था, इस भावना के साथ कि सामाजिक तथा पत्रकारिता के माध्यम से ही ग्रामीण विकास तथा गरीब, वंचित समूहों को न्याय दिलाया जा सकता है। बाद में उन्होंने महाराष्ट्र के कई प्रमुख समाचार पत्रों में रिपोर्टर से लेकर उप संपादक तक के पद पर कार्य किया। वे पच्चीस वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता तथा सामाजिक कार्य के क्षेत्र में कार्यरत हैं।


