मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के दादर स्थित प्लाजा सिनेमा के पास सोमवार को हुए बेस्ट बस हादसे में गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय ऋषभ गुप्ता का इलाज लोकमान्य तिलक महानगरपालिका सामान्य अस्पताल (सायन अस्पताल) के आईसीयू में चल रहा है। मुंबई की महापौर रितू तावडे और बेस्ट समिति की अध्यक्ष तृष्णा विश्वासराव ने अस्पताल पहुंचकर ऋषभ गुप्ता के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके परिजनों से मुलाकात की।


महापौर रितू तावडे ने ऋषभ की मां रामा गुप्ता सहित अन्य परिजनों को भरोसा दिलाया कि घायल युवक के इलाज का पूरा खर्च प्रशासन वहन करेगा और उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन को आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।


इस दौरान महापौर और बेस्ट समिति की अध्यक्ष ने संबंधित बस ठेकेदार से फोन पर बात कर गुप्ता परिवार को तत्काल दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने अपनी ओर से भी परिवार को सहयोग प्रदान किया।
मौके पर महानगरपालिका के चिकित्सा शिक्षा एवं प्रमुख अस्पतालों के निदेशक डॉ. शैलेश मोहिते तथा अस्पताल के अधिष्ठाता डॉ. प्रमोद इंगळे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


