
मुंबई वार्ता/सतीश सोनी
मध्य रेलवे के मुंबई मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने हाल ही में दादर रेलवे स्टेशन पर बलिया-दादर एक्सप्रेस से लगभग दो टन (२,००० किलो) अवैध गुटखा और पान मसाला जब्त किया। जब्त माल की अनुमानित कीमत ६.५ लाख रुपये है। इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।


आरपीएफ को मिली जानकारी के अनुसार, यह अवैध स्टॉक शनिवार सुबह ७.४५ बजे उत्तर प्रदेश से मुंबई आ रही ट्रेन संख्या ०१०२६ बलिया एक्सप्रेस के दादर स्टेशन पर पहुँचने के बाद बरामद हुआ। ड्यूटी पर मौजूद पार्सल क्लर्क उदय खरे की देखरेख में प्लेटफार्म १३ और १४ पर कुल २९ पैकेटों वाली दो मेल उतारी गईं। दोपहर २ बजे आरपीएफ हेड कांस्टेबल सोहनलाल जाटव को अवैध मेल से पान मसाला और तंबाकू की तेज गंध आ रही थी।


उन्होंने दादर में आरपीएफ इंस्पेक्टर को सूचित किया। सब-इंस्पेक्टर नरसिंह मीणा और उनकी टीम जांच शुरू करने के लिए मौके पर पहुंची।दो गवाहों की मौजूदगी में सभी २९ मेल खोले गए और उनमें तंबाकू, केसर मिला पान मसाला और अन्य प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद पाए गए। माल का वजन लगभग १८९२.२ किलोग्राम था। इन सभी वस्तुओं को सील करके जब्त कर लिया गया। ४ अगस्त को जब्त माल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दादर रेलवे पुलिस को भेज दिया गया।




