मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने दुबई से आने वाले दो यात्रियों के पास से करीब 3.15 करोड़ रुपये मूल्य का तस्करी का सोना जब्त किया है। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
मुंबई कस्टम्स ज़ोन-III के एयरपोर्ट आयुक्तालय के अधिकारियों ने 9 मई से 10 मई 2026 के दौरान कार्रवाई करते हुए ये मामले पकड़े।


पहले मामले में, APIS प्रोफाइलिंग के आधार पर दुबई से फ्लाइट संख्या SG5023 से 10 मई को मुंबई पहुंचे एक यात्री को रोका गया। जांच के दौरान अधिकारियों ने सिगरेट के पैकेट में बेहद चालाकी से छिपाकर रखा गया 24 कैरेट गोल्ड डस्ट बरामद किया। चार पाउच में मिले इस सोने का कुल वजन 1063 ग्राम तथा शुद्ध वजन 1020 ग्राम था, जिसकी अनुमानित कीमत 1.41 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। आरोपी यात्री को कस्टम एक्ट 1962 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।


दूसरे मामले में, दुबई से फ्लाइट EK-506 से मुंबई पहुंचे एक उच्च आय वर्ग के वित्तीय क्षेत्र में कार्यरत पेशेवर व्यक्ति के पास से 1.257 किलोग्राम 24 कैरेट कच्चा सोना बरामद किया गया। जब्त सोने की अनुमानित कीमत 1.74 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। आरोपी को कस्टम एक्ट 1962 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अमेरिका-ईरान तनाव और दुबई क्षेत्र में हालिया हमलों के कारण उसने अपने विदेशी निवेश और संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर चिंता महसूस की। इसी वजह से उसने अपनी तरल संपत्तियों को सोने में बदलकर भारत लाने और सीमा शुल्क से बचने की कोशिश की।
कस्टम विभाग ने कहा कि भू-राजनीतिक संकट के दौरान संपत्तियों को सुरक्षित रखने की चिंता समझी जा सकती है, लेकिन कानून का उल्लंघन करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई, जेल और संपत्ति की जब्ती जैसी गंभीर सजा हो सकती है।


