मुंबई वार्ता/ हरीशचंद्र पाठक

विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ शारीरिक विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है तथा शारीरिक विकास के लिए सभी को किसी न किसी प्रकार के खेल के अंतर्निहित कौशल में विशेषज्ञ मार्गदर्शकों से मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण प्राप्त करना समय की आवश्यकता है। इस परिप्रेक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रमोद बाबूराव माने ने धारावी में महात्मा फुले एजुकेशन ट्रस्ट के सहयोग से सीटी स्पोर्ट्स अकादमी की स्थापना की है.
इसके माध्यम से उन्होंने पिछले कई वर्षों से और अब तक क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, किंक बॉक्सिंग, कराटे और हॉकी जैसे विभिन्न खेलों के लिए प्रशिक्षण कक्षाएं शुरू की हैं। सीटी स्पोर्ट्स अकादमी के माध्यम से कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की है।
पूर्व विधायक और महात्मा फुले एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूराव माने के मार्गदर्शन में इस प्रशिक्षण वर्ग से विभिन्न खेलों के लिए ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करने का बीड़ा प्रमोद बाबूराव माने द्वारा उठाया गया है।ऐसे विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण के अलावा सीटी स्पोर्ट्स अकादमी, स्क्वाड्रन अकादमी की ओर से महात्मा फुले एजुकेशन ट्रस्ट के मनोहर जोशी महाविद्यालय के सभागार में विभिन्न खेलों की प्रशिक्षण कक्षाओं के साथ-साथ एक राइफल शूटिंग प्रशिक्षण कक्ष का भी उद्घाटन संपन्न हुआ।
यह उदघाटन पूर्व विधायक बाबूराव माने, संस्था के सचिव दिलीप शिंदे, संस्था के ट्रस्टी प्रमोद माने, श्रीमती छाया माने, कोच योगेश निंबालकर, प्रिया सिंह, और प्रमुख अतिथि स्क्वाड्रन अकादमी के शुभम मिश्रा, प्रीति परमार की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर अनेक गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी एवं खिलाड़ी तथा उपरोक्त संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे। सीटी स्पोर्ट्स अकादमी के प्रमुख प्रमोद बाबूराव माने ने आह्वान किया है कि मुंबई के खिलाड़ी ज्यादा से ज्यादा संख्या में इस रायफल शूटिंग प्रशिक्षण केंद्र का लाभ उठाएं।


